Kapurthala: पंजाब के कपूरथला में ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला को चप्पलों से पीटता और बाद में लात मारता दिखाई दे रहा है। महिला उस समय अपने बच्चे के साथ बैठी थी। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने और महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। घटना के बाद महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। महिला ने अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
बाइक से छेड़छाड़ के बाद हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के बच्चों द्वारा आरोपी की बाइक से कथित छेड़छाड़ किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मंदिर गेट के बाहर बच्चों के बाइक से छेड़छाड़ करने पर आरोपी भड़क गया और उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
पुलिस ने सूमोटो संज्ञान लेकर दर्ज की FIR
डीएसपी सब-डिवीजन डॉ. शीतल सिंह के मुताबिक, वीडियो की प्राथमिक जांच में आरोपी की पहचान विकास शर्मा पुत्र पवन कुमार, निवासी शेखपुर के रूप में हुई है। वह मंदिर के सामने दुकान चलाता है। पुलिस ने वायरल वीडियो का सूमोटो संज्ञान लेते हुए थाना सिटी में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
शिकायत के बिना पुलिस ने की कार्रवाई
इस मामले में खास बात यह है कि पीड़ित महिला की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बावजूद पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई की। महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी के हस्तक्षेप के बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़े: Meta ने बिना सहमति 7 लाख से ज्यादा Instagram-Facebook अकाउंट किए डिलीट, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

