Katihar Police Bribery Case: बिहार के कटिहार में पशु लदे पिकअप से कथित अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। ट्रैफिक DSP की जांच में आरोप सही पाए जाने पर डायल 112 के दो पुलिसकर्मियों और चालक को निलंबित कर तीनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। बिहार के कटिहार जिले में 50 रुपये की कथित रिश्वत लेते पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने अपने ही जवानों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला कदवा थाना क्षेत्र का है, जहां डायल 112 की गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों पर पशु लदे पिकअप को रोककर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दो पुलिसकर्मियों और चालक को निलंबित कर दिया गया है।
पशु लदे पिकअप को रोककर मांगी रकम
वायरल वीडियो करीब 2 मिनट 44 सेकेंड का है। इसमें एक पिकअप में गाय, उसका बच्चा और एक बकरी लदी दिखाई दे रही है। वाहन में सवार एक व्यक्ति घटना का वीडियो बनाते हुए पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाता सुनाई देता है। वीडियो बनाने वाले युवक के मुताबिक, यह घटना कुम्हरी के पास हुई थी। युवक ने दावा किया कि गाय उसकी बहन की शादी में दहेज के तौर पर देने के लिए ले जाई जा रही थी और इसका पशु तस्करी से कोई संबंध नहीं था। आरोप है कि हाईवे पर गश्त के दौरान कदवा थाना की डायल 112 गाड़ी ने पिकअप को रोक लिया। इसके बाद उसमें तैनात पुलिसकर्मी ने गाय ले जाने के एवज में रकम की मांग की।
वीडियो में 50 रुपये लेते दिखा पुलिसकर्मी
आरोप के मुताबिक, बातचीत के बाद पिकअप में सवार अन्य लोगों से चालक ने 50 रुपये का नोट लिया और पुलिसकर्मी को दे दिया। वायरल वीडियो में संबंधित पुलिसकर्मी को कथित तौर पर यह रकम लेते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद पिकअप में सवार व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद कटिहार पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। कटिहार के SP परिचय कुमार के निर्देश पर वायरल वीडियो की जांच ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन को सौंपी गई।
जांच में आरोप सही, तीनों के खिलाफ FIR
ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन ने वीडियो और मामले से जुड़े आरोपों की जांच की। जांच में डायल 112 की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और चालक पर अवैध वसूली के आरोप सही पाए गए। इसके बाद तीनों के खिलाफ कदवा थाने में FIR दर्ज की गई और उन्हें निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई की जद में PTC/1463 टिंकू कुमार, सिपाही/431 अभिमन्यु कुमार और चालक अर्जुन यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों को कटिहार जिले से AWPO दानापुर, मुख्यालय झारखंड एवं बिहार वापस भेज दिया गया है।
आगे विभागीय कार्रवाई भी संभव
ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन के अनुसार, 29 सितंबर को वायरल हुए वीडियो में कदवा थाना के एक PTC, एक सिपाही और चालक द्वारा पशु लदे वाहन से कथित तौर पर अवैध रकम मांगने का मामला सामने आया था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निलंबन और FIR की कार्रवाई की गई है। DSP ने बताया कि तीनों के खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल मामले में दर्ज FIR और विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार, एआई और डिजिटल इफेक्ट्स से सजेगी लालकिले की रामलीला

