Kaushambi Blast News: कौशांबी फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने शुरू की फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नौशाद के रूप में हुई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 11 लोगों की मौत
कौशांबी के मनौरी इलाके में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ था। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। विस्फोट इतना तेज था कि करीब दो किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। धमाके में फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह तबाह हो गई और आसपास के 6 घर भी क्षतिग्रस्त हुए। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का लाइसेंस 2024 में ही रद्द किया जा चुका था। वहीं, पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

