Gyanesh Kumar Removal Proposal: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग अब केरल विधानसभा में उठने जा रही है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार सोमवार को इस संबंध में प्रस्ताव पेश करेगी। ऐसा होने पर केरल देश की पहली विधानसभा बन जाएगी, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पेश करेंगे प्रस्ताव
विधानसभा के बुलेटिन के मुताबिक, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन सोमवार को यह प्रस्ताव पेश करेंगे। इससे पहले सितंबर 2025 में केरल विधानसभा ने तत्कालीन एलडीएफ सरकार के प्रस्ताव को पारित किया था, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) लागू करने का विरोध किया गया था। 16वीं विधानसभा का दूसरा सत्र सोमवार से शुरू होगा।
हटाए गए वोटरों के अधिकार बहाल हो
प्रस्ताव में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग के साथ एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसमें मांग की जाएगी कि गड़बड़ियों को दूर करने के बाद मतदाता सूची से हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के मतदान का अधिकार बहाल किया जाए।
चुनाव आयुक्तों के चयन पैनल में बदलाव की मांग
प्रस्ताव में चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए गठित चयन समिति का पुनर्गठन करने की मांग भी की जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की बात कही जाएगी। केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के 102 विधायक हैं, जबकि सीपीआईएम के नेतृत्व वाले एलडीएफ के 35 और बीजेपी के तीन विधायक हैं।
ये भी पढ़ें: 20 साल बाद खुलेगा ज्ञानेश कुमार का पुराना केस, केरल सरकार ने दिए जांच के निर्देश

