Kerala: केरल के कोच्चि में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार लग्जरी कार की कथित टक्कर से 55 वर्षीय स्कूटर सवार की मौत हो गई। आरोप है कि मर्सिडीज-बेंज कार एक न्यायिक अधिकारी का 17 वर्षीय बेटा चला रहा था। कार न्यायिक अधिकारी के नाम पर पंजीकृत है।
सुबह 2 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा
हादसा रविवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान जयबालकृष्णन के रूप में हुई है। मर्सिडीज ने उनके स्कूटर को पीछे से टक्कर मारी। घटनास्थल के वीडियो में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया। हादसे के बाद नाबालिग चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने लिया ब्लड सैंपल
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसे के समय आरोपी के नशे में होने के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुष्टि के लिए उसके खून के नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। पुलिस ने लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने तथा लापरवाही से मौत का कारण बनने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
परिवार ने तेज रफ्तार का लगाया आरोप
मृतक की भतीजी ने बताया कि जयबालकृष्णन खाने का स्टॉल चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। हादसे के समय वह घर लौट रहे थे। उनका आरोप है कि कार तेज रफ्तार में थी, क्योंकि स्कूटर बुरी तरह टूट गया और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने बताया कि उनके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
जज के व्यवहार पर भी उठाए सवाल
भतीजी ने आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन में नाबालिग को कार चलाने देने पर सवाल पूछने के दौरान उसके पिता ने उनसे अपमानजनक लहजे में बात की। उन्होंने कहा कि परिवार मामले को आगे बढ़ाएगा, ताकि बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों को सबक मिले।

