RTU Student Death Kota: कोटा की राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) में 19 वर्षीय बीटेक छात्र की संदिग्ध मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। छात्र की मौत से नाराज विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर लापरवाही और इलाज में देरी का आरोप लगाया। गुस्साए छात्रों ने मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। शाम को प्रदर्शन खत्म कराने पहुंची पुलिस और छात्रों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को परिसर से खदेड़ दिया। छात्रों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सोते समय छात्र की बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान जयपुर के झोटवाड़ा निवासी अक्षित शर्मा (19) के रूप में हुई है। उसने इसी सत्र में RTU के इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ब्रांच में बीटेक प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह भास्कर भवन के कमरा नंबर 61 में दो छात्रों के साथ रहता था। साथियों के मुताबिक, बुधवार रात खाना खाने के बाद अक्षित सो गया। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे उसे जगाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। उसे तुरंत नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सांप के काटने की आशंका, प्रशासन ने किया खारिज
अक्षित की मौत के बाद छात्रों ने इलाज में देरी का आरोप लगाया। उनका दावा है कि उसका हाथ नीला पड़ गया था और एंबुलेंस को मुख्य गेट पर करीब 30 मिनट रोका गया। छात्रों ने सांप के काटने की आशंका भी जताई। हालांकि, कुलगुरु डॉ. निमित्त रंजन चौधरी और विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने सर्पदंश की आशंका को खारिज किया है। प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका जताई गई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: कोटा में प्रसूताओं की मौत मामले में नया खुलासा, मेडिकल रिपोर्ट में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन से मौत नहीं होने का दावा

