Lucknow Airport Fire News: लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में बने लेबर कैंप में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 6:30 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में 3 मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, आग से निकले धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। इनमें एक झुलस गया, जबकि दूसरा जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने के दौरान घायल हुआ।
एयरपोर्ट टर्मिनल से 300 मीटर दूर था लेबर कैंप
लखनऊ एयरपोर्ट के टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर दूर स्थित इस बिल्डिंग में मजदूर रहते थे। इसे अस्थायी तौर पर पीवीसी यानी प्लास्टिक सामग्री से तैयार किया गया था। प्लास्टिक से बने होने के कारण आग ने बेहद तेजी से पूरे कैंप को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, राहत की बात रही कि आग का असर एयरपोर्ट के संचालन पर नहीं पड़ा। विमानों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही और किसी भी फ्लाइट के संचालन में बाधा की सूचना नहीं है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
33 कमरों में रहते थे करीब 300 मजदूर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बिल्डिंग में 33 छोटे कमरे बने हुए हैं, जहां करीब 300 मजदूर रहते थे। ये सभी मजदूर परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में जुटे थे। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित टीमें पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
ये भी पढ़ें: राजधानी लखनऊ के जवाहर भवन में आग, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भारी नुकसान

