Lucknow: लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों गुटों में विवाद बढ़ने के बाद मारपीट और जूता फेंके जाने की बात भी सामने आई है। यह घटना उस समय हुई, जब यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम चल रहा था।
'कौन अध्यक्ष?' कहने पर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। भीड़ के बीच उनके समर्थकों ने कहा, 'अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए।' इस पर ममता चौधरी की ओर से कथित तौर पर पूछा गया, 'कौन अध्यक्ष?' इसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। ममता चौधरी पर अजय राय के खिलाफ अपशब्द इस्तेमाल करने का भी आरोप लगा है। इससे नाराज समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दोनों गुटों में मारपीट और जूता फेंके जाने की बात भी कही है।
अजय राय ने की पार्टी से निकालने की मांग
घटना के बाद अजय राय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की। अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि और माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने ममता चौधरी को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की। पार्टी नेतृत्व ने अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

