Luv Kush Ramlila 2026: लालकिला मैदान में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को प्रमुख कलाकारों ने फुल ड्रेस रिहर्सल की। इस दौरान रावण का 11 किलो का चमचमाता मुकुट, भारी-भरकम वेशभूषा और रौबदार आवाज आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, श्रीराम के किरदार में कलाकार की सौम्य और प्रभावशाली प्रस्तुति ने रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया को राम, सीता, हनुमान और रावण की भूमिका निभाने वाले कलाकारों से परिचित कराया। इस वर्ष फिल्म और टेलीविजन जगत के कलाकार मंच पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को साकार करेंगे।
देवेश शर्मा श्रीराम की भूमिका में: टीवी धारावाहिक साम दाम दंड में काम कर चुके देवेश शर्मा युग के 251 एपिसोड में मुख्य भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनके मुताबिक, श्रीराम का चरित्र निभाना केवल अभिनय नहीं, बल्कि आस्था और जिम्मेदारी का विषय है।
कावेरी प्रियम माता सीता के रूप में: कावेरी प्रियम ये रिश्ते हैं प्यार के, दिल माने ना, गुम है किसी के प्यार में, शक्ति और जिद्दी जैसे धारावाहिकों के साथ कई ओटीटी परियोजनाओं में काम कर चुकी हैं। वह माता सीता की भूमिका को अपने अभिनय करियर की बड़ी उपलब्धि मानती हैं। उनके अनुसार, सीता का चरित्र धैर्य, त्याग, मर्यादा और शक्ति का प्रतीक है।
टाइगर पंकज कामद महाबली हनुमान बनेंगे: पंकज कामद छोटे पर्दे पर अंगद, इंद्रदेव, रानी की प्रेम कहानी, परशुराम और युधिष्ठिर जैसे किरदार निभा चुके हैं। उनका कहना है कि विशाल मंच पर हजारों दर्शकों के सामने हनुमान जी का किरदार ऊर्जा और भावनाओं के साथ निभाना चुनौतीपूर्ण है। वह इसे अपने करियर के यादगार अनुभवों में से एक मानते हैं।
राजप्रेमी निभाएंगे लंकापति रावण का किरदार: राजप्रेमी हिंदी फिल्मों और टेलीविजन के जाने-माने कलाकार हैं। वह सलमान खान की फिल्म वीर, सनी देओल की फिल्म गदर और धारावाहिक महाबली हनुमान सहित कई चर्चित परियोजनाओं में काम कर चुके हैं। रावण की दमदार आवाज, व्यक्तित्व और प्रभावशाली वेशभूषा को मंच पर उतारने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
रामलीला के प्रमुख पात्रों की वेशभूषा तैयार करने की जिम्मेदारी मुंबई के अनुभवी कॉस्ट्यूम डिजाइनर विष्णु पाटिल और उनकी टीम संभाल रही है। बीआर चोपड़ा के धारावाहिक महाभारत, देवों के देव महादेव और कई फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम तैयार कर चुके विष्णु पाटिल पिछले दो महीनों से इन पोशाकों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर साल रावण के लिए नए अंदाज के अस्त्र-शस्त्र, मुकुट और आभूषण तैयार करना बड़ी चुनौती होती है। श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की पोशाकों में बनारस और कांचीपुरम की पारंपरिक वेशभूषा से प्रेरणा ली गई है, जबकि रावण की पोशाक के लिए मुंबई और राजस्थान से विशेष सामग्री और डिजाइन तैयार करवाए गए हैं। इस बार रावण के लिए गहरे काले रंग की भारी पोशाक और लगभग 11 किलोग्राम वजन का मुकुट बनाया गया है।
कलाकारों के मेकअप और लुक की जिम्मेदारी अनुभवी मेकअप डिजाइनर पंकज जीवराज चौटलिया संभाल रहे हैं। वह बुलेट राजा और रागिनी एमएमएस सहित कई फिल्मों और टेलीविजन परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। करीब तीन दशक से मनोरंजन जगत में सक्रिय चौटलिया अरुण गोविल, दीपिका, दारा सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, राज बब्बर, मनोज तिवारी और विद्युत जामवाल सहित कई कलाकारों के साथ काम कर चुके हैं। इस बार वह मुंबई से अपनी टीम के साथ रामलीला के प्रमुख पात्रों के लिए विशेष मेकअप और अलग-अलग लुक तैयार कर रहे हैं।
अध्यक्ष अर्जुन कुमार के मुताबिक, इस वर्ष रामलीला के लिए लगभग 140 फुट लंबे, 60 फुट चौड़े और 45 फुट ऊंचे मंच पर मीनाक्षी मंदिर का भव्य सेट तैयार किया गया है। इसके निर्माण में गुजरात, कोलकाता, महाराष्ट्र, मयूरा और दिल्ली के करीब 40 कुशल कारीगर जुटे हैं। कमेटी का उद्देश्य रामायण के प्रसंगों के साथ भारतीय मंदिर स्थापत्य और पारंपरिक कला की झलक भी दर्शकों तक पहुंचाना है। अर्जुन कुमार ने कहा कि कमेटी भव्य मंच सज्जा, प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक वेशभूषा और आधुनिक तकनीक के मेल से रामायण की गाथा प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि रामलीला 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी, जबकि दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। भव्य मंच, आधुनिक लाइटिंग, शानदार सेट, फिल्म और टीवी कलाकारों की मौजूदगी तथा भारतीय संस्कृति की झलक इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
रामलीला का शुभारंभ 11 अक्टूबर को गणपति पूजन के साथ होगा। यह पूजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सांसद प्रवीण खंडेलवाल के कर-कमलों से संपन्न होगा।
ये भी पढ़ें: फिर ट्रंप पर फिदा हुए शहबाज शरीफ, बोले- नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं अमेरिकी राष्ट्रपति
Success Tips Astrology Remedies: कई बार इंसान पूरी मेहनत करता है, लेकिन इसके बावजूद उसे…
Rahul Gandhi Protest Supreme Court: दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए कांग्रेस प्रदर्शन…
West Bengal: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP)…
Maa Alop Shankari Temple: प्रयागराज को तीर्थराज के साथ-साथ आस्था और श्रद्धा की नगरी भी…
Mary Kom Defamation Case: ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर मैरी कॉम एक कानूनी विवाद को लेकर…
West Bengal: पश्चिम बंगाल के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ी…
View Comments