Friday, Oct 16

होम = Breaking = मध्य प्रदेश में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल पर शिकंजा, छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का हुआ खुलासा

मध्य प्रदेश में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल पर शिकंजा, छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का हुआ खुलासा

Madhya Pradesh Head Constable Assets: खाकी वर्दी पहनकर पुलिस की नौकरी करने वाले हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान की संपत्ति अब जांच के घेरे में है। मध्य प्रदेश के देवास में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में उनकी आय से करीब 223 फीसदी अधिक, यानी लगभग 6.26 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का पता चला है। टीम मकान, फ्लैट, कृषि भूमि और व्यावसायिक भूखंडों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है।

जमीन के कारोबार में दखल की भी शिकायत

फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC) में हेड कॉन्स्टेबल ड्राइवर के पद पर तैनात बताए गए हैं। लोकायुक्त को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जुटाने और जमीन के कारोबार में कथित हस्तक्षेप की शिकायत मिली थी। इसके बाद उप-पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के माध्यम से मामले की जांच कराई गई।

15 ठिकानों पर छापेमारी, परिजन की फर्में भी जांच के घेरे में

लोकायुक्त के मुताबिक, फिरोज खान की आय करीब 1.93 करोड़ रुपये, जबकि अनुपातहीन संपत्ति लगभग 6.26 करोड़ रुपये आंकी गई है। टीमें देवास में 11 और इंदौर में 4 ठिकानों पर जांच कर रही हैं। उनकी मां और पत्नी के नाम की फर्मों से हुए लेन-देन, रियल एस्टेट निवेश और एक परिचित महिला के नाम पर कृषि भूमि के रजिस्टर्ड एग्रीमेंट की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में कथित भूमिका के आधार पर उस महिला को भी आरोपी बनाया गया है।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर

लोकायुक्त की टीमें फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई पूरी होने के बाद वित्तीय लेन-देन से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और जुटाए गए सबूतों के आधार पर निकाला जाएगा।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के बरगी डैम में पलटा क्रूज, 9 लोगों की मौत; CM ने किया मुआवजे का एलान

बंगाल