Maharashtra: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में गुरुवार, 22 अक्टूबर को दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना सिडको के एन-7 इलाके की है, जहां जिम से लौट रहे देवेश उर्फ बंटी दीक्षित पर कथित तौर पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला किया गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
पहले स्कूटी को टक्कर मारी, फिर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पवन पाराशर ने बजरंग चौक के पास देवेश की स्कूटी को पीछे से कार से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही देवेश सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी ने उनके सिर और चेहरे पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण देवेश की मौके पर ही मौत हो गई। सामने आया CCTV फुटेज बेहद विचलित करने वाला है।
वारदात के बाद पुलिस स्टेशन पहुंचा आरोपी
घटना के बाद आरोपी पवन पाराशर सिडको पुलिस स्टेशन पहुंचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है। हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद किए जाने की जानकारी है। आरोपी को शुक्रवार, 23 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जाना है।
पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद की जांच
शुरुआती जानकारी के अनुसार, देवेश और पवन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। देवेश मेस चलाने के साथ प्लॉटिंग के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद के एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
व्यस्त सिडको इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में चिंता है। पुलिस ने मकसद को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर घटनाक्रम की जांच जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।

