Thursday, Oct 15

होम = Breaking = अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान व भारत दौरे पर, जामनगर भी जाएंगे

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान व भारत दौरे पर, जामनगर भी जाएंगे

Marco Rubio India visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान और भारत के दौरे पर रहेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत यात्रा के दौरान रुबियो मुंबई और गुजरात के जामनगर भी जाएंगे। उनके इस दौरे पर दोनों देशों के बीच संबंधों और अहम मुद्दों पर बातचीत को लेकर नजर रहेगी।

उज्बेकिस्तान में C5+1 बैठक में होंगे शामिल

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मार्को रुबियो उज्बेकिस्तान में C5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक का उद्देश्य अमेरिका और मध्य एशियाई देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण व समृद्ध भविष्य को बढ़ावा देना है।

भारत में रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा

मार्को रुबियो उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और किर्गिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इसके बाद वह इस साल दूसरी बार भारत आएंगे। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत में रुबियो वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

कारोबारी नेताओं से भी मिलेंगे रुबियो

भारत दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों को तलाशना है।

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन की फिर हो सकती है मुलाकात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिए संकेत