Monad University Independence Day: मोनाड विश्वविद्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलपति डॉ. एम. जावेद, कुलसचिव कर्नल डी.पी. सिंह, प्रो-चांसलर डॉ. एन.के. सिंह एवं अतिरिक्त कुलसचिव श्री सुहैल अहमद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम. जावेद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है, बल्कि यह देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। कुलपति ने सभी से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई शपथ
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. मूल राज सिंह ने उपस्थित शिक्षकगण, कर्मचारीगण और विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने देश को नशे की बुराई से मुक्त करने, स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता का लिया संकल्प
समारोह के दौरान पूरे विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने मोनाड विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रताप सिंह, डॉ. अमित सिंह, डॉ. प्रवीन कुमार चौहान, डॉ. मनीषा शर्मा, डॉ. सुनील श्रीवास, डॉ. सुशील, डॉ. रितु चिक्कारा, ममतेश, रूबि, राहुल, प्रिंस पाण्डेय, अमित कुमार, रवि कुमार और प्रति तौमर सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/aaj-in-rashiyon-ki-badal-sakti-hai-kismat-jaanen-apna-bhavishyaphal/

