Wednesday, Sep 30

होम = Cover Story Global = किसानों के लिए बड़ा फैसला, यूपी समेत 3 राज्यों में ₹5,547 करोड़ की MSP खरीद को मंजूरी

किसानों के लिए बड़ा फैसला, यूपी समेत 3 राज्यों में ₹5,547 करोड़ की MSP खरीद को मंजूरी

MSP Procurement Kharif 2026-27: केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में दलहन-तिलहन की खरीद को मंजूरी दी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत तीनों राज्यों में कुल 5,547.99 करोड़ रुपये की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की जाएगी। इसका उद्देश्य बाजार भाव गिरने की स्थिति में किसानों को नुकसान से बचाना और उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना है।

उत्तर प्रदेश में 3,992.57 करोड़ की खरीद

उत्तर प्रदेश के लिए सबसे बड़ा हिस्सा मंजूर किया गया है। यहां ₹3,937.70 करोड़ की 4,66,000 मीट्रिक टन तुअर और ₹54.87 करोड़ की 6,250 मीट्रिक टन मूंग MSP पर खरीदी जाएगी। राज्य में कुल खरीद का मूल्य ₹3,992.57 करोड़ होगा।

कर्नाटक में सोयाबीन, मूंग और सूरजमुखी की खरीद

कर्नाटक के लिए ₹1,107 करोड़ की खरीद को मंजूरी मिली है। इसमें ₹659.27 करोड़ की 1,15,500 मीट्रिक टन सोयाबीन, ₹335.83 करोड़ की 38,250 मीट्रिक टन मूंग और ₹111.90 करोड़ की 13,413 मीट्रिक टन सूरजमुखी शामिल है।

तेलंगाना में 448.42 करोड़ की खरीद

तेलंगाना में ₹448.42 करोड़ की उपज MSP पर खरीदी जाएगी। इसमें ₹353.90 करोड़ की 62,000 मीट्रिक टन सोयाबीन और ₹94.52 करोड़ की 10,766 मीट्रिक टन मूंग शामिल है।

किसानों को सीधे बैंक खाते में भुगतान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और दलहन-तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे खाद्य तेल और दालों में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। खरीद केंद्रों पर व्यवस्था पारदर्शी रखने और किसानों को भुगतान सीधे बैंक खातों में समय पर करने की बात भी कही गई है।

ये भी पढ़े: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी की घर में गला रेतकर हत्या, नया नौकर फरार