Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रामनवमी के अवसर पर आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान नौ बच्चियों को चाकू भेंट करने का मामला सामने आया है। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कन्याओं की पूजा और भोजन कराने के बाद उन्हें चाकू दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संगठन ने इसे बच्चियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने की पहल बताया है।
शिव मंदिर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को शहर की घास मंडी स्थित शिव मंदिर में हिंदू रक्षा दल ने कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया। पहले कन्याओं की पूजा की गई, फिर उन्हें भोजन कराया गया। इसके बाद नौ बच्चियों को चाकू उपहार में दिए गए।
संगठन के जिला अध्यक्ष सैंकी शर्मा ने बताया कि मंदिर में भंडारे के आयोजन का यह दूसरा साल था।
आत्मरक्षा के लिए दिए चाकू: सैंकी शर्मा
सैंकी शर्मा के मुताबिक, बच्चों के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए संगठन ने शिक्षा के साथ आत्मरक्षा और शस्त्रों की जानकारी देने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि बच्चियों को आत्मनिर्भर बनने और जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा करने का महत्व समझाया गया। साथ ही बताया गया कि दिए गए चाकुओं का इस्तेमाल आत्मरक्षा के उद्देश्य से किया जाना चाहिए।
नौ देवियों का उदाहरण देकर शस्त्रों का बताया महत्व
सैंकी शर्मा ने इस पहल को धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हुए कहा कि नवरात्र में पूजी जाने वाली नौ देवियों के हाथों में भी शस्त्र दिखाई देते हैं। इसलिए हिंदू समाज के बच्चों को भी शस्त्रों का ज्ञान होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बच्चियों को नौ देवियों के बारे में जानकारी देकर धर्म और राष्ट्र के प्रति सच्चे एवं दृढ़ रहने का संदेश दिया गया। साथ ही समाज के लोगों से शस्त्र धारण करने की अपील की।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में कार्यकर्ता बच्चियों को भोजन कराने के बाद चाकू देते नजर आ रहे हैं। संगठन का दावा है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चियों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना था।

