Saturday, Oct 03

होम = Breaking = ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा

ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा

Nayara Energy Fuel Price Hike: भारत की बड़ी निजी फ्यूल रिटेल कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं। नई दरें शनिवार सुबह से देशभर में नायरा के 7,108 फ्यूल स्टेशनों पर लागू हो गई हैं।

कच्चे तेल की बढ़ती कीमत बनी वजह

पीटीआई के मुताबिक, कंपनी ने कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों के चलते यह फैसला लिया है। कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। इससे बढ़ती लागत का बोझ कम करने के लिए नायरा ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले ईरान में तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने पर नायरा ने 26 मार्च को भी पेट्रोल-डीजल के दाम में समान बढ़ोतरी की थी। बाद में पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतें घटने के बाद 1 जुलाई को इसे वापस ले लिया गया था।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बढ़ाए दाम

फिलहाल यह बढ़ोतरी केवल नायरा एनर्जी ने की है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया है। सरकारी कंपनियां देश के 1,04,137 पेट्रोल पंपों में 90% से अधिक को संचालित या नियंत्रित करती हैं।

पंपों पर बिक्री सीमित करने का मामला

हाल में खुदरा बिक्री में नुकसान के कारण नायरा और जियो-बीपी ने कुछ पंपों पर ईंधन की बिक्री सीमित की थी। इसके बाद सरकार ने 1 अक्टूबर को निजी कंपनियों से बिक्री सीमित न करने को कहा था। अधिकारियों के मुताबिक, खुदरा और थोक डीजल कीमतों के अंतर के चलते औद्योगिक ग्राहक खुदरा दुकानों से सस्ता ईंधन खरीद रहे थे, जिससे आपूर्ति पर दबाव बढ़ा। नायरा गुजरात के वडीनार में सालाना 20 मिलियन टन क्षमता की रिफाइनरी चलाती है। कीमत बढ़ने से निजी और सरकारी विक्रेताओं के बीच अंतर बढ़ सकता है। यदि अन्य कंपनियां भी दाम बढ़ाती हैं, तो माल ढुलाई, परिचालन लागत, महंगाई और ईंधन मांग पर असर पड़ सकता है।

ये भी पढ़े: नोएडा: सुपरनोवा सोसाइटी की 43वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, एक दिन पहले बुक किया था कमरा