NEET PG 2026 Negative Marks: राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) की ओर से जारी स्कोर सूची के विश्लेषण के मुताबिक, NEET-PG 2026 में 258 अभ्यर्थियों को शून्य या उससे कम अंक मिले। परीक्षा में कुल 2,65,960 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 64 अभ्यर्थियों का स्कोर शून्य रहा, जबकि 194 के अंक निगेटिव थे। सबसे कम स्कोर -59 अंक रहा। इस अभ्यर्थी की ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2,65,960 रही।
NBEMS ने शून्य या निगेटिव स्कोर पाने वाले अभ्यर्थियों का अलग से कैटेगरी-वाइज डेटा जारी नहीं किया है। ये आंकड़े बोर्ड की प्रकाशित स्कोर सूची के विश्लेषण पर आधारित हैं।
2.65 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
कुल 2,65,960 अभ्यर्थियों में से 2,63,544 ने 30 अगस्त को परीक्षा दी थी। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण बाकी 2,416 अभ्यर्थियों की परीक्षा 5 सितंबर को जयपुर में दोबारा आयोजित की गई।
262 से 226 अंक तक रहा कट-ऑफ
सामान्य और EWS वर्ग के लिए क्वालिफाइंग कट-ऑफ 262 अंक (50वां पर्सेंटाइल) रहा। बेंचमार्क दिव्यांगता वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह 244 अंक (45वां पर्सेंटाइल) था। SC, ST और OBC वर्ग के लिए कट-ऑफ 226 अंक (40वां पर्सेंटाइल) निर्धारित किया गया। यही मानदंड इन वर्गों के बेंचमार्क दिव्यांग अभ्यर्थियों पर भी लागू रहा। शून्य या उससे कम अंक पाने वाले सभी 258 अभ्यर्थी अपनी-अपनी श्रेणी के निर्धारित क्वालिफाइंग कट-ऑफ से नीचे रहे। NEET-PG भारत में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है।
ये भी पढ़े: हापुड़ में युवक को कमरे में बंद कर बेल्ट से पीटा, मारपीट का VIDEO वायरल; 6 पर FIR

