Tuesday, Oct 06

होम = Breaking = नाइजीरिया में वायुसेना का प्लेन हुआ क्रैश, 32 की मौत; पूरे देश में शोक

नाइजीरिया में वायुसेना का प्लेन हुआ क्रैश, 32 की मौत; पूरे देश में शोक

Nigeria Air Force Plane Crash: नाइजीरिया में बीते दिन सोमवार को वायुसेना का एक विमान हादसे का शिकार हो गया। दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा में हुए इस हादसे में एयर स्टाफ प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके समेत 32 लोगों की मौत हो गई। विमान बेनिन शहर से लागोस के लिए नियमित मिशन पर रवाना हुआ था। हादसे के बाद राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।

हादसे की जांच के दिए आदेश

राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने विमान हादसे की वजह का पता लगाने के लिए नाइजीरियाई वायुसेना को तुरंत गहन जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, हादसे में 25 यात्री और 7 क्रू सदस्य मारे गए हैं। टिनुबू ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि यह सेना के साथ-साथ पूरे देश के लिए बेहद दुखद क्षण है। साथ ही, उन्होंने जांच के जरिए हादसे की वजह सामने लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया।

3 दिन का राष्ट्रीय शोक, झंडे आधे झुकाए जाएंगे

राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे में मारे गए वायुसेना कर्मियों के सम्मान में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया गया है। हादसे में शामिल ATR-42 विमान नौसैनिक अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसमें आमतौर पर 30 से 50 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नदी के किनारे लोगों की भीड़ और नाव से तलाशी लेते बचावकर्मी नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: मियामी एयरपोर्ट पर अचानक हुआ प्लेन क्रैश, हादसे में 5 लोगों की मौत