Nitin Gadkari Clarification: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर कार्यक्रम में दिए उस बयान पर उनके कार्यालय ने सफाई दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब वे पहले जितना काम नहीं कर पाते और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने का समय आ गया है। बयान के बाद इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे थे। गडकरी के कार्यालय ने स्पष्ट किया कि उनके बयान का कोई राजनीतिक संदर्भ नहीं था। वे अपने द्वारा बनाए गए लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट की बात कर रहे थे, जो आदिवासी क्षेत्रों में एकल विद्यालय चलाता है।
ट्रस्ट के भविष्य के नेतृत्व को लेकर थी बात
कार्यालय के मुताबिक, गडकरी ने कहा था कि वे अब ट्रस्ट के लिए पहले जितना काम नहीं कर पाते, इसलिए नई पीढ़ी को जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिलना चाहिए। उनका बयान पूरी तरह ट्रस्ट के कामकाज और भविष्य के नेतृत्व से जुड़ा था। कार्यक्रम में गडकरी ने विकास पर भी बात की और कहा कि महाराष्ट्र में विकास का दायरा बढ़ेगा। उनका लक्ष्य है कि कोई आदिवासी गांव बिजली से वंचित न रहे और राज्य में विकास स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
हाल ही में बीजेपी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन की 65 सदस्यीय टीम घोषित हुई थी, जिसमें 51 नए चेहरे शामिल थे। संगठन में बदलाव के बाद केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें तेज हुईं, जिसके चलते गडकरी के बयान को राजनीतिक नजरिए से देखा गया। हालांकि, उनके कार्यालय ने अब स्थिति स्पष्ट कर दी है।
ये भी पढ़े: मोतिहारी में ₹4.50 लाख में नवजात का सौदा! माता-पिता समेत 4 गिरफ्तार, बच्चा बरामद

