होम = Cover Story Latest = रूम नंबर 23, शराब पार्टी और युवती की लाश… नोएडा में वारदात के बाद कटिहार पहुंचा आरोपी, फिर यूं खुला राज

रूम नंबर 23, शराब पार्टी और युवती की लाश… नोएडा में वारदात के बाद कटिहार पहुंचा आरोपी, फिर यूं खुला राज

Noida Woman Murder Case: नोएडा में एक युवती की हत्या की जांच करीब 1,000 किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार तक पहुंच गई। बरौला इलाके में किराए की बिल्डिंग के एक कमरे में असम की रहने वाली महक अहमद का शव मिला था। पुलिस के मुताबिक, हत्या का मुख्य आरोपी रमन राज है, जो बिहार के कटिहार का रहने वाला है। दिलचस्प बात यह है कि नोएडा पुलिस जिसे हत्या के मामले में तलाश रही थी, उसे कटिहार पुलिस ने शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।

शराब पार्टी के बाद मिली महक की लाश

महक अपनी सहेली के साथ बरौला की एक बिल्डिंग के कमरा नंबर 13 में रहती थी। उसी फ्लोर पर कमरा नंबर 23 में रमन रहता था। दोनों एक-दूसरे को जानते थे और दोस्त थे। पुलिस के मुताबिक, 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात महक को रमन की बालकनी में उसके साथ देखा गया था। दोनों शराब पी रहे थे और उनके पास शराब व पानी की बोतल और चिप्स थे। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए।

अगली सुबह महक की सहेली ने उसे कमरे में नहीं पाया। फोन बंद मिलने पर वह रमन के कमरे तक पहुंची, जहां ताला लगा था और रमन का फोन भी बंद था। बिल्डिंग मालिक सार्थक बंसल को सूचना दी गई। केयरटेकर ने ताला तोड़ा तो कमरे से तेज दुर्गंध आई और फर्श पर महक का खून से लथपथ शव पड़ा था।

10 अगस्त को दर्ज हुआ हत्या का केस

सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। महक रमन के कमरे में कैसे पहुंची और रमन कहां गया, ये अहम सवाल थे। सहेली और अन्य लोगों से मिली जानकारी के बाद पुलिस का शक रमन पर गहराता गया। 10 अगस्त को सेक्टर-49 थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया और रमन की तलाश शुरू हुई। हालांकि, तब तक रमन नोएडा छोड़कर कटिहार पहुंच चुका था। वहां शराबबंदी के बीच कटिहार नगर थाना पुलिस ने फुलवारी काली मंदिर पोखर के पास उसे पकड़ लिया। उसके पास से पांच बोतल शराब बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस ने शराब मामले में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के आरोपी तक ऐसे पहुंची नोएडा पुलिस

नोएडा पुलिस को जब पता चला कि रमन कटिहार जेल में बंद है, तो टीम वहां पहुंची। चूंकि वह पहले से शराब मामले में गिरफ्तार है, इसलिए नोएडा पुलिस उसे सीधे अपने साथ नहीं ले जा सकती। अब टीम कटिहार कोर्ट में रिमांड और जरूरी न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। कटिहार के DSP विशाल आनंद ने बताया कि रमन को शराब मामले में गिरफ्तार किया गया है और नोएडा में महिला की हत्या के मामले में वह आरोपी है। कटिहार पुलिस नोएडा पुलिस को जांच में सहयोग कर रही है। अब पूछताछ में महक की मौत की वजह, कमरे में उस रात क्या हुआ, हत्या कैसे हुई, क्या कोई और इसमें शामिल था और हत्या के बाद रमन कटिहार क्यों गया—इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे।