Oman Co Pilot Flydubai: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में एक गंभीर घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर भारतीय पायलट स्मित माछर पर हमला करने के बाद विमान को क्रैश करने की कोशिश की। आरोप है कि वह फ्लाइट को तेल अवीव की एक इमारत से टकराना चाहता था, लेकिन पायलट ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी। इसके बाद बोइंग 737 के इंजन को बंद करने की कोशिश किए जाने की भी आशंका जताई गई है।
उड़ान से पहले को-पायलट के व्यवहार पर नहीं हुआ शक
विदेश मीडिया रिपोर्ट में 30 सितंबर की इस उड़ान के घटनाक्रम को मिनट-दर-मिनट बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद यात्रियों के विमान में सवार होने के दौरान को-पायलट के व्यवहार में ऐसा कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, जिससे किसी खतरे का अंदेशा हो। रिपोर्ट में को-पायलट की पहचान 29 वर्षीय हम्माम अल-हम्मामी के तौर पर की गई है। बताया गया है कि उनके पिता ओमानी और मां सीरियाई हैं।
कुल्हाड़ी से हमला कर विमान का कंट्रोल लेने की कोशिश
रिपोर्ट के मुताबिक, अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित माछर पर कुल्हाड़ी से हमला किया और इसके बाद विमान का योक कंट्रोल अपने हाथ में लेकर उसे क्रैश करने की कोशिश की। उसने कथित तौर पर दोनों इंजनों को बंद करने का भी प्रयास किया। हालांकि, कैप्टन माछर ने बाकी क्रू सदस्यों की मदद से स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित करने में कामयाब रहे। इस तरह एक बड़े विमान हादसे को टाल दिया गया।
तेल अवीव की ऊंची इमारतों से विमान टकराने की थी कथित योजना
रिपोर्ट में इजरायली खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि अल-हम्मामी ने कथित तौर पर पहले कैप्टन को मारकर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की योजना बनाई थी। इसके बाद विमान को तेल अवीव ले जाकर शहर की ऊंची इमारतों से टकराने का इरादा था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने इतनी तेजी से कार्रवाई की योजना बनाई थी कि लड़ाकू विमानों को विमान रोकने का मौका न मिले और अधिकारियों के पास बातचीत शुरू करने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं बचे।
ये भी पढ़ें: इजरायल के इंडिपेंडेंस डे पर खास मेहमान होंगे कैप्टन स्मित मच्छार, नेतन्याहू ने फोन कर किया आमंत्रित

