Wednesday, Oct 21

होम = Breaking = पाकिस्तान ने तुर्की, कतर और इंडोनेशिया से किया ‘बद्र रक्षा समझौता’, खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच बड़ा कदम

पाकिस्तान ने तुर्की, कतर और इंडोनेशिया से किया ‘बद्र रक्षा समझौता’, खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच बड़ा कदम

Pakistan Badr Defence Pact: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने तुर्की, कतर और इंडोनेशिया के साथ नया रक्षा समझौता किया है। बुधवार को कतर की राजधानी दोहा में चारों देशों ने 'बद्र मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य रक्षा सहयोग बढ़ाना और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना है।

किसने किए समझौते पर हस्ताक्षर?

तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, समझौते पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलर, कतर के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा राज्य मंत्री शेख सऊद बिन अब्दुल रहमान और इंडोनेशिया के उप रक्षा मंत्री यूसुफ जौहरी ने हस्ताक्षर किए। समझौते का नाम 'बद्र' संभवतः सऊदी अरब के उस ऐतिहासिक स्थान से प्रेरित है, जहां शुरुआती मुसलमानों और मक्का के कबीलों के बीच पहली बड़ी लड़ाई हुई थी।

रक्षा उत्पादन और तकनीक पर जोर

कतर के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह समझौता रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है। इसके तहत रक्षा विनिर्माण, तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं विकास तथा आधुनिक रक्षा प्रणालियों पर संयुक्त रूप से काम किया जाएगा। कतर के अनुसार, समझौते का आर्थिक महत्व भी है। इससे चारों देश एक-दूसरे की रक्षा उत्पादन क्षमताओं का लाभ उठा सकेंगे और मित्र देशों की जरूरतों के अनुरूप रक्षा उद्योग विकसित कर सकेंगे।

पहले भी हुआ था रक्षा समझौता

यह समझौता अगस्त में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुए कथित 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' के कुछ महीनों बाद सामने आया है। बताया गया था कि उस समझौते में किसी एक सदस्य देश पर हमला सभी पर हमला माना जाएगा। इसके तहत पाकिस्तान के हूतियों के खिलाफ सऊदी अरब की मदद करने की भी बात कही गई है। हालांकि, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने नए 'बद्र समझौते' पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

ये भी पढ़े: कनाडा में 4 भारतीयों और पाकिस्तान में 3 लोगों ने मिलकर AI से बनाई फर्जी पहचान, बैंकों को लगाया चूना