Monday, Oct 19

होम = Breaking = परविंदर झोटा की हत्या पर पिता भीम सिंह का आया बयान, कहा- अमित शाह पर भरोसा; CBI जांच होगी

परविंदर झोटा की हत्या पर पिता भीम सिंह का आया बयान, कहा- अमित शाह पर भरोसा; CBI जांच होगी

Parvinder Jhota News: पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर झोटा की हत्या के बाद उनके पिता भीम सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें अमित शाह से कोई विरोध नहीं है। भीम सिंह ने यहां तक कहा कि अगर अमित शाह का विरोध किया जाता है, तो वह इसे अपना विरोध मानेंगे। मंगलवार को मानसा के एक व्यस्त बाजार में मेडिकल स्टोर के मालिक ने परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मामले में सीबीआई जांच की मांग

भीम सिंह ने कहा कि उन्हें देश के गृह मंत्री अमित शाह पर पूरा भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में जल्द कार्रवाई होगी और इसकी जांच सीबीआई से कराई जाएगी। उन्होंने गृह मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील भी की।

एक्शन कमेटी में अब बहू मनप्रीत लेंगी हिस्सा

परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह ने बताया कि वह एक्शन कमेटी की दो बैठकों में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें कमेटी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। अब उनकी जगह उनकी बहू मनप्रीत बैठेंगी। बता दें कि अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने झोटा को सिख समुदाय का शहीद घोषित किया है।

'नशा विरोधी अभियान सफल हो'

अकाल तख्त के जत्थेदार ने अरदास के दौरान पंजाब में बढ़ते नशे के खतरे और इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भाई परविंदर सिंह झोटा ने नशे के खिलाफ लड़ते हुए शहादत दी। जत्थेदार ने प्रार्थना की कि झोटा का नशा विरोधी अभियान सफल हो, उनके परिवार को न्याय मिले और पंजाब से नशे के कारोबार का खात्मा हो।

ये भी पढ़ें: परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब रहा बंद, बाजारों में बंद का दिखा असर