Captain Smit Machhar: फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में बुधवार को उस वक्त बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश कराने की कोशिश की और कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने स्थिति संभाली और विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इसके बाद यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर को-पायलट को काबू में किया। इस पूरी घटना में 174 यात्रियों की जान बच गई।
PM मोदी ने बताया ‘हीरो’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया। उन्होंने कहा कि बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और बड़ी त्रासदी टल गई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कैप्टन स्मित पर गर्व है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है।
नेतन्याहू और ट्रंप ने भी की बहादुरी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा अब भारत से बाहर भी हो रही है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें ‘वास्तविक हीरो’ बताते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हवा में बड़े हादसे को टाल दिया। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी नेतन्याहू से इस घटना पर बातचीत के बाद कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की और उन्हें ‘हीरो’ बताया।
घायल होने के बावजूद नहीं हारी हिम्मत
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश कराने की कोशिश की और कैप्टन स्मित मच्छार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और स्थिति को संभालते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों ने अंदर पहुंचकर को-पायलट को काबू में किया और विमान को सुरक्षित सऊदी अरब में उतारा गया। कैप्टन स्मित का फिलहाल सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में इमरजेंसी, सऊदी अरब के ऊपर से लौटा

