Prakash Dy EC: भारत निर्वाचन आयोग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। केंद्र सरकार ने 2010 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित को नया उप चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब निर्वाचन आयोग की भूमिका और कामकाज को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।
अप्रैल 2030 तक संभालेंगे जिम्मेदारी
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के आधिकारिक आदेश के मुताबिक, राजस्थान कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित अप्रैल 2030 तक उप चुनाव आयुक्त के पद पर कार्यरत रहेंगे। उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति से मंजूरी मिल चुकी है।
रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव रह चुके हैं राजपुरोहित
प्रकाश राजपुरोहित मई 2026 से रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। निर्वाचन आयोग में उनकी नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) से मंजूर 27 संयुक्त सचिव और समकक्ष स्तर के अधिकारियों के फेरबदल का हिस्सा है।
अगस्त से खाली था उप चुनाव आयुक्त का पद
चुनाव आयोग में उप चुनाव आयुक्त का यह पद अगस्त से खाली था। इससे पहले इस पद पर तैनात संजय कुमार को समय से पहले उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया था। बाद में उन्हें दिल्ली सरकार में तैनात किया गया। संजय कुमार मतदाता सूची और आईटी प्रभाग के प्रभारी थे। उन्होंने 24 जून 2025 को देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू करने वाले चुनाव आयोग के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।
ये भी पढ़ें: सीजेपी का प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर गंभीर आरोप, कहा- मोदी की ‘तानाशाही’ ने आपातकाल को पीछे छोड़ा

