Thursday, Oct 01

होम = Breaking = राजा वड़िंग का इस्तीफा, पंजाब कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन? इन नामों पर चल रहा मंथन

राजा वड़िंग का इस्तीफा, पंजाब कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन? इन नामों पर चल रहा मंथन

Punjab Congress President: पंजाब में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी अगले 24 से 48 घंटे में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। नए अध्यक्ष की दौड़ में विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई नाम सामने आए हैं।

वड़िंग और चन्नी गुट के बीच बढ़ी खींचतान

पंजाब कांग्रेस में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों के बीच गुटबाजी की चर्चा लंबे समय से होती रही है। अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी से मिली करारी हार के बाद वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। जुलाई में पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा, जिसके बाद चन्नी गुट की नाराजगी सामने आई। अब विधानसभा चुनाव से पहले वड़िंग के इस्तीफे की खबर ने नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, उन्होंने खुद इस्तीफा दिया या पार्टी नेतृत्व के दबाव में पद छोड़ा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

नए अध्यक्ष की रेस में कई बड़े नाम

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है। इनमें कांग्रेस के सह-कोषाध्यक्ष विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। पार्टी ने उन्हें चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया था। उनके अलावा जालंधर कैंट के विधायक और पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह तथा गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी दावेदारों में शामिल हैं। कांग्रेस नेता राणा केपी और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व को करना है।

ये भी पढ़ें: पंजाब और हरियाणा में ED की बड़ी छापेमारी, कई ठिकानों पर एक साथ पहुंची जांच एजेंसी, जानें क्या है मामला

पंजाब में हाई-वोल्टेज ड्रामा, CM मान के काफिले पर टमाटर फेंकने पहुंचे रवनीत बिट्टू