Tuesday, Oct 06

होम = Breaking = पंजाब चुनाव से पहले SAD और BJP गठबंधन पर आया हरसिमरत कौर का रिएक्शन, जानें क्या कहा

पंजाब चुनाव से पहले SAD और BJP गठबंधन पर आया हरसिमरत कौर का रिएक्शन, जानें क्या कहा

Harsimrat Kaur Badal: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। अकाली दल की वरिष्ठ नेता और बठिंडा से चार बार सांसद रह चुकीं हरसिमरत कौर बादल ने साफ कहा है कि पार्टी की ओर से बीजेपी के साथ दोबारा गठबंधन को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है। उनके इस बयान के बाद दोनों दलों के फिर साथ आने की अटकलों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हरसिमरत कौर की सक्रियता से बढ़ी सियासी चर्चा

पंजाब में राजनीतिक हलचल बढ़ने के साथ ही हरसिमरत कौर बादल इन दिनों नशे की समस्या के खिलाफ ‘मावां धीयां इंसाफ यात्रा’ का नेतृत्व कर रही हैं। यात्रा के दौरान वह रोजाना औसतन तीन से चार जनसभाओं को संबोधित कर रही हैं। उनकी लगातार सक्रियता के बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अकाली दल उन्हें राज्य की राजनीति में प्रमुख चेहरे के तौर पर आगे बढ़ा सकता है। कुछ अटकलें उन्हें मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में भी देख रही हैं।

पुराने बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप

बीजेपी के साथ दोबारा गठबंधन की चर्चाओं पर हरसिमरत कौर बादल ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके पुराने बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया। हरसिमरत कौर के मुताबिक, लोंगोवाल स्थित एक शैक्षणिक संस्थान के संदर्भ में उन्होंने सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत प्रकाश सिंह बादल की उस क्षमता का जिक्र किया था, जिसके जरिए वह केंद्र में किसी भी दल की सरकार होने के बावजूद पंजाब के लिए विकास परियोजनाएं हासिल कर लेते थे। उन्होंने कहा कि इस बयान को बीजेपी के साथ गठबंधन से जोड़ना सही नहीं है।

महिला योजना को लेकर आप सरकार पर निशाना

पंजाब की भगवंत मान सरकार की ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ पर हरसिमरत कौर बादल ने सवाल उठाए। उन्होंने योजना को चुनावी हथकंडा और दिखावा करार देते हुए कहा कि पांच साल में 60 हजार रुपये की वित्तीय सहायता का वादा चुनाव से महज छह महीने पहले लागू किया जा रहा है। हरसिमरत कौर ने कहा कि योजना लागू करने के समय को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के हित से ज्यादा चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा।

ये भी पढ़ें: पंजाब में भ्रष्टाचार के मामले में CM भगवंत मान के सहयोगियों की होगी CBI जांच