Monday, Oct 12

होम = Breaking = प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- न्याय के लिए निकाल रहे मार्च, 200 सरकारी अधिकारी संपर्क में

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- न्याय के लिए निकाल रहे मार्च, 200 सरकारी अधिकारी संपर्क में

Rahul Gandhi Press Conference: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार, SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि विरोध पहले भी हो रहा था, लेकिन अब यह बड़ा होता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के करीब 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें अंदर की जानकारी दे रहे हैं। राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि देश की राजधानी जेल क्यों बन गई है।

दिल्ली को किला बना दिया गया है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी को किले में बदल दिया गया है और हर तरफ पुलिस तैनात है। राहुल गांधी के मुताबिक, सड़कों पर 20 से 30 हजार पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार गलती कर रही है और लोग सब देख रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है।

'आधे पुलिसकर्मी हमारी बात को सही मानते हैं'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि करीब 50% पुलिसकर्मी उनसे कह रहे हैं कि वे जो कर रहे हैं, वह सही है और उन्हें इसे जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ पुलिस, ITBP, CRPF और देश की जनता है, जबकि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के 4-5 सदस्य हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ये लोग ‘वोट चोरी’ और देश को हाईजैक करने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस अंतर को और बढ़ा रहे हैं।

वोट चोरी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे विपक्षी दल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और युवाओं का एक समूह सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा। इस दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। राहुल गांधी के मुताबिक, ज्ञापन के जरिए ‘वोट चोरी’ पर रोक लगाने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची की SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।

ये भी पढ़ें: खड़गे की CJI से गुहार लगाने की तैयारी, PM मोदी-अमित शाह पर लगाया अराजकता फैलाने का आरोप