Rahul Gandhi Convoy Accident: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले की गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं। गाड़ियों की टक्कर में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी सुल्तानपुर जा रहे थे, जहां उन्हें विशेष सांसद-विधायक अदालत में पेश होना है।
जानवर के अचानक सामने आने से हुआ हादसा
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा किलोमीटर संख्या 91 के पास, सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी का काफिला सामान्य गति से आगे बढ़ रहा था, तभी रास्ते में अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के लिए आगे चल रहे वाहन को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में वाहनों पर सवार कुछ लोग घायल हो गए।
काफिले में शामिल कांग्रेस नेता की आई प्रतिक्रिया
एआईसीसी के उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल हनन ने बताया कि वह भी राहुल गांधी के काफिले में शामिल थे। उनके मुताबिक, काफिले में कई गाड़ियां थीं। अचानक एक वाहन रुक गया, जिससे पीछे आ रही कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दौरान एक एंबुलेंस भी हादसे की चपेट में आ गई।
मानहानि मामले में फैसले के लिए पेशी
दरअसल, यह मामला साल 2018 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक स्थानीय बीजेपी नेता ने मुकदमा दर्ज कराया था। राहुल गांधी इस मामले में 26 अक्टूबर को कोर्ट में चौथी बार व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे। अब कोर्ट इस मामले में फैसला सुनाएगा।
ये भी पढ़ें: अमित शाह मानहानि केस में राहुल गांधी ने सुल्तानपुर कोर्ट में दर्ज कराया बयान, 9 मार्च को होगी अगली सुनवाई

