Ranbir Kapoor Ramayana set fire: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के पहले पार्ट की रिलीज से पहले सेट पर आग लगने की घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियो भी वायरल हुए हैं। राहत की बात यह है कि आग में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी घटना की पुष्टि की है।
स्टूडियो के बाहर टेंट में लगी आग
FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे/आजतक को बताया कि यह एक छोटी घटना थी। स्टूडियो के बाहर लगाए गए एक टेंट में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा दिया गया और फैलने से रोक लिया गया। इससे सेट पर मौजूद लोगों को कोई खतरा नहीं हुआ। बीएन तिवारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले पास के एक स्थान पर भी आग लगी थी। इसके बाद उन्होंने सभी प्रोड्यूसर्स से सेट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा था। उन्होंने रामायण के सेट पर हुई घटना को लापरवाही का नतीजा बताते हुए इसे पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए सुरक्षा को लेकर चेतावनी बताया।
दूसरे पार्ट की शूटिंग जारी
हादसे के वक्त डायरेक्टर या रणबीर कपूर सेट पर मौजूद थे या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग चल रही है। कुछ दिन पहले अमेरिकन यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट भी फिल्म के प्रमोशन से जुड़े एक कार्यक्रम के लिए यहां पहुंचे थे, जो काफी चर्चा में रहा। 'रामायण' का भारत में पहला पार्ट 8 नवंबर को रिलीज होगा, जबकि दुनियाभर में इसकी रिलीज 5 और 6 नवंबर को अलग-अलग तारीखों पर होगी। फिल्म का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया गया है।
ये भी पढ़े: सुप्रीम कोर्ट को मिले 3 नए जज, तीनों हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस नियुक्त

