Wednesday, Oct 07

होम = News Featured = RBI On GDP Growth: नहीं रुकेगा भारत, RBI ने बताया कितनी तेज दौड़ेगी इकोनॉमी

RBI On GDP Growth: नहीं रुकेगा भारत, RBI ने बताया कितनी तेज दौड़ेगी इकोनॉमी

by | Oct 7, 2026 | News Featured

RBI GDP Growth: भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अच्छी खबर दी है। RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा ने FY27 के लिए भारत की वास्तविक GDP ग्रोथ का अनुमान बढ़ा दिया है। RBI ने अब आर्थिक विकास दर 7.1 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। इससे पहले अगस्त में यह अनुमान 6.7 फीसदी था। यानी इसमें 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

दूसरी तिमाही में भी बढ़ी ग्रोथ की उम्मीद

RBI गवर्नर ने बताया कि दूसरी तिमाही के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान 6.3 फीसदी से बढ़ाकर 7.2 फीसदी कर दिया गया है। वहीं तीसरी तिमाही के अनुमान को 6.5 फीसदी से बढ़ाकर 6.9 फीसदी किया गया है। चौथी तिमाही के लिए 6.8 फीसदी का अनुमान बरकरार रखा गया है। संजय मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। घरेलू आर्थिक गतिविधियों में भी लचीलापन देखने को मिल रहा है।

मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर मजबूत

RBI के मुताबिक दूसरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार बनी हुई है। मानसून थोड़ा कमजोर जरूर रहा, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की स्थिति अच्छी है। सर्विस सेक्टर भी स्थिर बना हुआ है। इसके अलावा निजी खपत में मजबूती देखने को मिली है और निवेश भी मजबूत बना हुआ है। हालांकि, RBI ने आगामी रबी सीजन पर अल नीनो के संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।

ग्लोबल चुनौतियों के बावजूद भरोसा कायम

वेस्ट एशिया संकट और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच भी RBI को भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार पर भरोसा है। इससे पहले मूडीज रेटिंग्स ने भी 2026-27 के लिए भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान 6 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी किया था।

विश्व बैंक ने भी FY27 के लिए अपने अनुमान को 6.6 फीसदी से बढ़ाकर 7.1 फीसदी कर दिया है। हालांकि, दोनों एजेंसियों ने वेस्ट एशिया संकट, ऊर्जा कीमतों, महंगाई और मानसून से जुड़े जोखिमों का भी जिक्र किया है। इसके बावजूद विश्व बैंक को उम्मीद है कि बाहरी चुनौतियां कम होने पर भारत की विकास दर में और तेजी आ सकती है और मध्यम अवधि में यह 7 फीसदी से ऊपर बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के आरोपों पर EC ने किया पलटवार, ‘किसी भी पार्टी से मिलने में कोई ऐतराज नहीं’