Russia Ukraine Energy Infrastructure Attack: यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूस ने रात और सुबह के दौरान देश के कई हिस्सों में ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए। इन हमलों से बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, ताजा हमलों के कारण लगभग आधे यूक्रेन में बिजली गुल हो गई।
12 क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित
यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय के पहले उप मंत्री आर्टेम नेक्रासोव ने बताया कि रूस ने किरोवोहराद, झितोमिर, लवीव, ओडेसा, रिव्ने, टेरनोपिल और खमेलनित्स्की में ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया।
सरकारी बिजली कंपनी उक्रेनर्गो के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह इन सात क्षेत्रों के अलावा जापोरिज्जिया, दोनेत्स्क, खारकीव, सूमी और चेर्निहाइव में भी बिजली कटौती दर्ज की गई।
उद्योगों की बिजली आपूर्ति होगी सीमित
उक्रेनर्गो ने बताया कि पहले से क्षतिग्रस्त बिजली उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव रोकने के लिए देशभर में औद्योगिक बिजली आपूर्ति सीमित की जाएगी। कुछ इलाकों में निर्धारित समय के अनुसार हर घंटे बिजली कटौती भी लागू होगी।
सर्दियों से पहले बढ़ा ऊर्जा संकट
नेक्रासोव ने रूस पर जानबूझकर और सुनियोजित तरीके से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
यूक्रेन के मुताबिक, रूस ने ऊर्जा सुविधाओं पर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। फरवरी 2022 में शुरू हुए पूर्ण पैमाने के रूसी आक्रमण के बाद यूक्रेन पांचवीं सर्दी की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली संकट से नागरिकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
एक दिन पहले 28 ऊर्जा ठिकानों पर हमले का दावा
राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक दिन पहले दावा किया था कि रूस ने 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 200 से ज्यादा ड्रोन से 28 बिजली सबस्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया। उनके मुताबिक, हमले मुख्य रूप से राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्रों पर केंद्रित थे।

