Wednesday, Oct 07

होम = News Top = दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका

by | Oct 7, 2026 | News Top

Seemapuri Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को चार मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।

25 गज के प्लॉट पर बनी थी इमारत

DCP आर मिणा के मुताबिक, चार मंजिला इमारत करीब 25 गज के प्लॉट पर बनी थी। इमारत गिरने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। फिलहाल यह साफ नहीं है कि मलबे में कितने लोग फंसे हो सकते हैं। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।

दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मी मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि अगर कोई व्यक्ति मलबे में दबा है तो उसे जल्द बाहर निकाला जा सके। हादसे में अस्पताल पहुंचाए गए 4-5 लोगों की हालत को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

आसपास के इलाके में ट्रैफिक प्रभावित

इमारत गिरने के बाद सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इस इलाके में जाने से बचने की अपील की है। घटनास्थल के पास रुकने, वाहन खड़ा करने या भीड़ लगाने से भी मना किया गया है, ताकि एंबुलेंस और बचाव वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे।

सत्य निकेतन हादसे के बाद फिर उठे सवाल

सीमापुरी का हादसा ऐसे समय हुआ है, जब हाल में दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला PG इमारत गिरने की घटना सामने आई थी। 6 सितंबर 2026 को हुए उस हादसे में 5 स्टूडेंट्स समेत 7 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद MCD के पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया था। इनमें डिप्टी कमिश्नर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल थे।

सत्य निकेतन हादसे के बाद बिना अनुमति बनी पांचवीं मंजिल वाली इमारतों को सील करने और आसपास के PG व दूसरी इमारतों की जांच के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुरानी इमारतों के स्ट्रक्चरल ऑडिट की बात भी कही थी। हालांकि, सीमापुरी में इमारत गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल बचाव टीम मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़ें: EC के खिलाफ प्रदर्शन में AAP-कांग्रेस आमने-सामने, सड़क पर दिखी सियासी खींचतान