Sourav Ganguly DC Head Coach: आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को नया हेड कोच नियुक्त किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर दादा का वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी और लिखा, ‘दिल्ली, अब दादागिरी का समय है।’ गांगुली हेमंग बदानी की जगह लेंगे, जिन्होंने 2025 और 2026 सीजन में टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।
बदानी समेत पूरी कोचिंग टीम में हुआ बदलाव
दिल्ली कैपिटल्स की पिछली कोचिंग टीम में पूर्व भारतीय खिलाड़ी हेमांग बदानी मुख्य कोच की भूमिका में थे। उनके साथ वेणुगोपाल राव क्रिकेट निदेशक, मुनाफ पटेल गेंदबाजी कोच, इयान बेल सहायक कोच और जॉन मूनी फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब आईपीएल 2027 से पहले फ्रेंचाइजी ने कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव किया है।
2 साल बाद बदला पूरा कोचिंग सेटअप
2024 में जीएमआर और सह-मालिक जेएसडब्ल्यू के बीच हुए संचालन समझौते के तहत पिछले दो सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का संचालन जीएमआर के पास था। दो साल की यह अवधि पूरी होने के बाद मौजूदा कोचिंग स्टाफ से अलग होने का फैसला किया गया है। अब आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स नए कोचिंग स्टाफ के साथ मैदान पर उतरेगी।
युवराज सिंह भी बन सकते हैं दिल्ली के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स के नए कोचिंग स्टाफ में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह की भी एंट्री हो सकती है। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी उन्हें बतौर बैटिंग कोच शामिल करने पर विचार कर रही है। युवराज पर्दे के पीछे रहकर कई युवा खिलाड़ियों को तैयार कर चुके हैं। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल भी उनके मार्गदर्शन में काम कर चुके हैं और अब भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी हैं। अगर युवराज की नियुक्ति होती है, तो यह आईपीएल में उनके कोचिंग करियर की नई शुरुआत होगी।
