Monday, Oct 12

होम = Breaking = सूडान में सोने की खदान पर मिसाइल हमला, 72 लोगों की मौत; मिस्र की वायुसेना पर लगा आरोप

सूडान में सोने की खदान पर मिसाइल हमला, 72 लोगों की मौत; मिस्र की वायुसेना पर लगा आरोप

by | Oct 12, 2026 | Breaking, News Featured

Sudan Gold Mine Missile Attack: सूडान में सोने की खदान पर हुए भीषण हवाई हमले में 72 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हमला शनिवार सुबह मिस्र की सीमा के पास उत्तरी सूडान के एक पहाड़ी इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खदान में मजदूर काम कर रहे थे, तभी एक के बाद एक मिसाइलें गिरीं और जोरदार धमाके होने लगे। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूडान ने इस हमले के पीछे मिस्र की वायुसेना का हाथ होने का संदेह जताया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मिस्र ने आरोपों पर नहीं दी प्रतिक्रिया

मिस्र की वायुसेना ने सूडान के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मिस्र के विदेश मंत्रालय ने भी इस मामले में टिप्पणी नहीं की। वहीं, सूडान का कहना है कि सीमा पार से किया गया हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन होगा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में खदान के आसपास मलबा और खून से लथपथ शव दिखाई दे रहे हैं।

गृहयुद्ध के बीच बढ़ रहे हमले

सूडान की सेना और अर्धसैनिक बल के बीच लंबे समय से गृहयुद्ध जारी है। इस दौरान हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। शुक्रवार को भी ब्लू नाइल राज्य में सेना के नियंत्रण वाले इलाके में विस्थापितों के शिविर पर ड्रोन हमला हुआ था। इसमें 31 लोगों की मौत हो गई थी।

सोने की खदानों पर कब्जे की जंग

सूडान में सोने की खदानें आजीविका का बड़ा स्रोत हैं, लेकिन इनके कब्जे और सोने की तस्करी को लेकर संघर्ष जारी है। संयुक्त राष्ट्र की 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, खदानों से निकला करीब 50% सोना अवैध तरीके से देश से बाहर भेजा गया था। RSF पर दारफुर और कोर्डोफान की खदानों से सोने की तस्करी कर फंड जुटाने के आरोप हैं। इसी वजह से सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है।

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब में मिसाइल अटैक से 12 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा लोग हुए घायल