Sukma CRPF Blast: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक धमाका हो गया। इस हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
विस्फोटक नष्ट करते समय हुआ हादसा
बीते दिन गुरुवार को CRPF की एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम जगदलपुर से सुकमा के कोन्टा रेंज स्थित एलार्मडगु कैंप पहुंची थी। टीम कैंपों में रखे अनुपयोगी विस्फोटकों को नष्ट कर रही थी। इसी दौरान भेज्जी थाना क्षेत्र में कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास एक विस्फोटक का हिस्सा उड़कर पास में गिरा और उसमें ब्लास्ट हो गया।
2 जवान गंभीर रूप से घायल
हादसे में ASI एम.के. तिवारी और ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं। सभी को कोन्टा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल जवानों को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाएगा।
CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा में हुए हादसे पर दुख जताते हुए घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि घायल जवानों के उचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है। सीएम ने ईश्वर से सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
ये भी पढ़ें: कुलगाम में आतंकी वारदात, छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत पर सीएम साय ने जताया दुख
CEC ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा टला, दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन के बीच फैसला

