Suryakumar Yadav Dubai Property: भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने दुबई में एक आलीशान संपत्ति खरीदी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान उनकी पत्नी देविशा शेट्टी भी नजर आईं। खास बात यह है कि दुबई में संपत्ति खरीदने के पीछे सूर्यकुमार ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से जुड़ा एक दिलचस्प कनेक्शन बताया है।
शाहरुख खान के नाम पर रखा गया है प्रोजेक्ट
सूर्यकुमार यादव ने दुबई में ‘शाहरुख्स रेजिडेंस’ नाम की आलीशान आवासीय संपत्ति में निवेश किया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि शाहरुख खान के नाम पर एक शानदार इमारत बन रही है, उन्होंने इसे खरीदने का मन बना लिया। इस प्रॉपर्टी में हाइपरबेरिक ट्रीटमेंट, रेड लाइट थेरेपी और क्रायोथेरेपी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
दुबई की सुरक्षा और जीवनशैली आई पसंद
सूर्यकुमार यादव ने दुबई की सुरक्षा और वहां की जीवनशैली की तारीफ की। उन्होंने बताया कि वह पहली बार 2014 में आईपीएल खेलने के लिए दुबई आए थे और 2020 में फिर यहां पहुंचे। सूर्यकुमार के मुताबिक, मुंबई में भी सुरक्षा अच्छी है, लेकिन दुबई में उन्हें खास सुकून मिलता है और वह यहां आकर बेहद खुश महसूस करते हैं।
इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं ने खींचा ध्यान
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि ‘शाहरुख्स रेजिडेंस’ की इंटीरियर क्वालिटी और आधुनिक सुविधाएं उन्हें काफी पसंद आईं। उन्होंने कहा कि यहां बिना जांच के ब्लड शुगर समेत शरीर के कई स्तरों की जानकारी मिल सकती है। गौरतलब है कि सूर्यकुमार ने इसी साल मुंबई के चेंबूर स्थित ‘गोदरेज स्काई टेरेसेस’ में भी 7.18 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट खरीदा था।
ये भी पढ़ें: क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर आई खुशियां, पत्नी देविशा ने बेटी को दिया जन्म

