Pradeep Purnekar Murder: ठाणे में शिवसेना (UBT) के स्थानीय नेता प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
दो राउंड फायरिंग के बाद हमलावर फरार
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे कापूरबावडी थाना क्षेत्र में हुई। अज्ञात हमलावरों ने प्रदीप पूर्णेकर पर करीब दो राउंड फायरिंग की और उनके साथ मारपीट भी की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें घोडबंदर रोड स्थित इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, नाकाबंदी जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल और आसपास के प्रमुख रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की तलाश में ठाणे के प्रमुख निकास बिंदुओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
राजनीतिक रंजिश समेत कई एंगल से जांच
फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस राजनीतिक रंजिश, आपसी दुश्मनी और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की तेज जांच की मांग की है।
ये भी पढ़ें: डॉक्टरों से मारपीट के आरोपी शिवसेना पार्षद को बॉम्बे HC से जमानत, महाराष्ट्र से बाहर रहने की शर्त

