Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। मुंबई में गोली चलाने वाले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार और लोगों को पकड़ा है। आरोप है कि ये लोग हथियार सप्लाई करने वाले मॉड्यूल से जुड़े थे। जांच में दो महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है, जो कथित तौर पर दिल्ली से पिस्तौल लेकर मुंबई पहुंची थीं।
चार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19) शामिल हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा (23) और बबीता (23) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों की भूमिका और हथियार सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
दिल्ली और सोनीपत से हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, जबकि कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने आरोपियों से हिरासत में पूछताछ करने और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी, ताकि मामले में हथियारों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा सके।
अमृतसर से पिस्तौल और कारतूस लाया था कुणाल
पुलिस के मुताबिक, सोनीपत से गिरफ्तार कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद एक दोस्त ने उसकी मुलाकात अनिल पंडित से कराई, जिसके निर्देश पर कुणाल कथित तौर पर अमृतसर से पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आया था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई, जिसे उसने हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग ने होटल के पास राधा से बैग लिया था। उसी शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं। इसके बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुणाल से शूटरों के भागने का इंतजाम करने को कहा। वहीं, राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली रवाना हो गईं।
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में घायल शख्स को लगा आया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचकर पता चला लगी है गोली

