Tiger Shroff Firing Case: मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि हमलावरों को ढूंढकर पकड़ा जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि इस हमले के पीछे जो भी लोग होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। रविवार शाम हुई इस घटना के समय टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी BMW कार पर गोलियां चलाई गईं। अभिनेता इस घटना में सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
एकनाथ शिंदे ने टाइगर और जैकी श्रॉफ से की बात
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने फायरिंग की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि मुंबई पुलिस हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाकर काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और मुंबई में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिंदे ने बताया कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ उनके पिता जैकी श्रॉफ से भी फोन पर बातचीत की है। उन्होंने अभिनेता को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। शिंदे के मुताबिक, मुंबई में आम नागरिकों की सुरक्षा हो या फिल्मी सितारों की, इसकी जिम्मेदारी सरकार और पुलिस की है। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने मुंबई में पहले हुई गैंगवार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण पाने में सक्षम रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए जांच के निर्देश
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर घटना की जानकारी ली और पुलिस को तत्काल जांच तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी टाइगर श्रॉफ के परिवार से फोन पर बात की और उनका हाल जाना। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की, हमले के पीछे क्या वजह थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधु के नामों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
रोहित पवार ने महाराष्ट्र सरकार पर उठाए सवाल
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग को लेकर NCP-SP विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में सुरक्षित रहे, लेकिन अगर कलाकारों और बड़े नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। रोहित पवार ने दावा किया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गृह विभाग की जिम्मेदारी किसी दूसरे विधायक को सौंपने की अपील की। उनका कहना था कि राज्य के लोगों को सुरक्षित महसूस होना चाहिए और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
जुहू में BMW पर फायरिंग, दो लोगों के घायल होने की जानकारी
यह घटना रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी BMW कार पर कई राउंड फायरिंग की गई। अभिनेता को कोई चोट नहीं आई, जबकि ड्राइवर फिरदौस के हाथ में चोट लगने की जानकारी है। घटना में कुल दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। फायरिंग के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की और हमलावरों की तलाश तेज कर दी। अब जांच एजेंसियों के सामने हमले के पीछे की वजह का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने की चुनौती है। वहीं, एकनाथ शिंदे के सख्त बयान के बाद इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ कतर में गिरफ्तार, करोड़ों की अवैध संपत्ति और संदिग्ध लेनदेन का आरोप

