Trump Canada Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के साथ बढ़ते व्यापार विवाद के बीच बड़ा टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने सोमवार को कहा कि 1 जनवरी 2027 से कनाडा की कारों, ट्रकों, ऑटोमोटिव पार्ट्स और स्टील पर टैरिफ बढ़ाकर 50% किया जा सकता है। यह घोषणा वॉशिंगटन और ओटावा के बीच तीन दिन चली व्यापार वार्ता के बिना किसी समझौते के खत्म होने के बाद हुई है।
अमेरिका में बनाएं, टैरिफ से बचें
ट्रंप ने Truth Social पर कनाडा पर अमेरिकी किसानों के साथ अनुचित व्यवहार और वर्षों से अमेरिका का फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नए शुल्क बड़े और छोटे सभी कार-ट्रकों, ऑटो पार्ट्स और स्टील पर लागू होंगे। हालांकि, निर्माताओं को राहत देते हुए उन्होंने कहा, “अमेरिका में बनाएं और कोई टैरिफ नहीं।” ट्रंप ने कनाडा पर अमेरिकी कृषि उत्पादों पर अत्यधिक शुल्क लगाने का आरोप लगाया और दावा किया कि इससे दोनों देशों के बीच 60 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है और अमेरिका को कनाडा की जरूरत नहीं, बल्कि कनाडा को अमेरिका की जरूरत है।
कनाडा का डॉलर-फॉर-डॉलर जवाब
कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पहले ही अमेरिकी शुल्क के जवाब की घोषणा कर दी है। कनाडा 8 सितंबर से अमेरिकी स्टील, इलेक्ट्रॉनिक्स और कई अन्य उत्पादों पर ‘डॉलर-फॉर-डॉलर’ टैरिफ लगाने की तैयारी में है। इसमें डेयरी, घरेलू उपकरण, कृषि उपकरण, पल्प-पेपर और कुछ अन्य अमेरिकी उत्पाद भी शामिल होंगे। कार्नी ने कहा कि कनाडा अमेरिकी हमले को स्वीकार नहीं करेगा और पूछा जाने पर कि क्या दोनों देश व्यापार युद्ध में हैं, उन्होंने कहा कि हमला होने पर युद्ध की स्थिति होती है।
तीन दिन की बातचीत रही बेनतीजा
व्यापार वार्ता शुक्रवार को टूट गई। कार्नी ने अमेरिका पर आखिरी समय में ऐसे प्रस्ताव रखने का आरोप लगाया जो अनुचित और कनाडा के लिए आर्थिक रूप से नुकसानदेह थे। वहीं अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने इसे कनाडा की ओर से गंवाया गया मौका बताया। इस विवाद से USMCA के भविष्य पर भी दबाव बढ़ सकता है। बातचीत में ऑटो सेक्टर सबसे कठिन मुद्दों में रहा। कनाडा चाहता था कि हल्के वाहनों को मिलने वाली टैरिफ व्यवस्था मध्यम और भारी ट्रकों पर भी लागू हो, लेकिन अमेरिका ने इसे स्वीकार नहीं किया। कार्नी के मुताबिक अमेरिकी प्रस्ताव से कनाडा में बने Ford F-350, F-450, F-550 और General Motors Silverado जैसे मॉडल प्रभावित हो सकते थे।
ये भी पढ़े: CM विजय का बड़ा ऐलान, हर परिवार को 3 मुफ्त LPG सिलेंडर; ट्रांसजेंडर्स को फ्री बस यात्रा

