Trump Iran Attack Warning: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका रविवार को ईरान पर सैन्य हमला कर सकता है। हालांकि, उन्होंने तेहरान के साथ एक बड़े समझौते की संभावना भी जताई है। ट्रंप ने स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने नए हमले को लेकर अंतिम फैसला लिया है या नहीं।
सैन्य कार्रवाई और समझौते के बीच ट्रंप का रुख
शनिवार को फ्लोरिडा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई और कूटनीतिक समझौते, दोनों विकल्प खुले हैं। ANI के मुताबिक, ट्रंप ने कहा, "शायद कल हमला हो सकता है। इसकी संभावना है। वहीं, एक बड़े और अच्छे समझौते की भी संभावना है।" उन्होंने ईरान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेहरान समझौता करना चाहता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या वह इसका पालन करेगा?
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका सख्त
मिडिल ईस्ट आई की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान कभी परमाणु हथियार विकसित न कर सके। इसके लिए आगे सैन्य कार्रवाई जरूरी हो सकती है। हालांकि, ट्रंप ने नए हमले की घोषणा नहीं की और समझौते का विकल्प खुला रखा।

