Wednesday, Oct 07

होम = Breaking = भूकंप के झटकों से कांपा उत्तराखंड, दिल्ली-NCR में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

भूकंप के झटकों से कांपा उत्तराखंड, दिल्ली-NCR में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

Uttarakhand Earthquake: उत्तराखंड से लेकर दिल्ली-NCR तक मंगलवार देर रात भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात है कि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

चमोली में था भूकंप का केंद्र

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 रही। इसका केंद्र उत्तराखंड के चमोली जिले में जमीन से करीब 13 किलोमीटर नीचे था। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

कई जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:24 बजे उत्तराखंड के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। कुमाऊं क्षेत्र में बागेश्वर, भीमताल, पिथौरागढ़, चंपावत, हल्द्वानी और खटीमा में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। वहीं, गढ़वाल क्षेत्र के रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, गोपेश्वर, चमोली और बदरीनाथ में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबर है। अचानक कंपन से कई जगह लोग सतर्क हो गए।

दिल्ली-NCR तक महसूस हुआ कंपन

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसका असर उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा और दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में भी धरती में कंपन महसूस किया गया। हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

असम में भी आया 4.5 तीव्रता का भूकंप

इससे पहले मंगलवार तड़के असम के नागांव जिले में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप सुबह 4:23:47 बजे 33 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इसका केंद्र 26.428 उत्तर अक्षांश और 93.060 पूर्व देशांतर पर स्थित था।

ये भी पढ़ें: असम के नगांव में सुबह-सुबह महसूस हुए भूकंप के झटके, 4.5 की तीव्रता से लोग सहमे