Wednesday, Oct 21

होम = Breaking = ऐतिहासिक सेंगोल बनाने वाले प्रसिद्ध जौहरी वुम्मिडी एथिराज का 99 वर्ष की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

ऐतिहासिक सेंगोल बनाने वाले प्रसिद्ध जौहरी वुम्मिडी एथिराज का 99 वर्ष की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

by | Oct 21, 2026 | Breaking, News Big, देश

Vummidi Ethiraj Death: भारत के प्रसिद्ध जौहरी वुम्मिडी एथिराज का बुधवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ऐतिहासिक सेंगोल के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एथिराज के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पीएम मोदी ने सेंगोल के निर्माण में योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि तमिलनाडु के प्रतिष्ठित परिवार से आने वाले वुम्मिडी एथिराज को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को सौंपे गए ऐतिहासिक सेंगोल के निर्माण में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 2023 में उनकी सरकार को नए संसद भवन में सेंगोल को सम्मानजनक स्थान देने का अवसर मिला था। इस दौरान उन्होंने एथिराज से मुलाकात कर देश और संस्कृति के प्रति उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एथिराज का जीवन और शिल्पकला भारत की गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय यात्रा के बीच महत्वपूर्ण संबंध को दर्शाते हैं। उन्होंने परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी X पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यतागत विरासत के पवित्र प्रतीक सेंगोल के निर्माण में एथिराज का योगदान हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

उन्होंने भारतीय आभूषण शिल्पकला की समृद्ध परंपरा को संरक्षित रखने में एथिराज की भूमिका की सराहना करते हुए उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना जताई।

125 साल पुराने आभूषण कारोबार से था संबंध

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वुम्मिडी एथिराज उस वुम्मिडी परिवार के मुखिया थे, जिसके पास 125 साल पुरानी प्रतिष्ठित आभूषण कंपनी वुम्मिडी बंगारू ज्वेलर्स (Vummidi Bangaru Jewellers) का स्वामित्व है। भारतीय आभूषण निर्माण और पारंपरिक शिल्पकला में उनका योगदान महत्वपूर्ण माना जाता है।

ये भी पढ़े: हरिद्वार में सूखी हर की पौड़ी, बिना गंगा स्नान के निराश होकर लौट रहे श्रद्धालु