Yemen Conflict: यमन में जारी संघर्ष के बीच सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों ने ताइज़ प्रांत में बढ़त का दावा किया है। सुरक्षा बलों के मुताबिक, उन्होंने रणनीतिक रूप से अहम मोचा शहर पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। इसके अलावा बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य के पास कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर भी कब्जे की बात कही गई है।
हूतियों के हमले के दावे से बढ़ा तनाव
इस बीच हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के भीतर कई ठिकानों को निशाना बनाकर नए हमले करने का दावा किया है। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन हूती ठिकानों पर हवाई हमले तेज कर रहा है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।
‘यमन डॉन’ अभियान से हूतियों के खिलाफ मोर्चा
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान ‘यमन डॉन’ की शुरुआत की है। सरकार के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सरकारी संस्थानों को फिर से सक्रिय करना, हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस लेना और उनके सशस्त्र विद्रोह को खत्म करना है।
सऊदी गठबंधन ने भी तेज किए हवाई हमले
यमन सरकार के सैन्य अभियान के बीच सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने भी इसमें शामिल होने का ऐलान किया है। गठबंधन के प्रवक्ता के मुताबिक, सोमवार को हूती ठिकानों पर किए गए हवाई हमलों में करीब 100 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। इन हमलों में हूतियों के 324 ठिकानों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। यमन के ताइज़ प्रांत और आसपास के इलाकों में संघर्ष लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में हुई हिंसा में 70 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों के सूत्रों ने भी मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। लगातार हो रही झड़पों और सैन्य कार्रवाई के बीच इलाके में तनाव और बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें: यमन में फिर तेज हुई जंग, हूतियों का बड़ा दावा- सऊदी अरब ने 24 घंटे के भीतर किए 54 हवाई हमले

