Yemen Houthi Conflict: यमन में हूती विद्रोहियों और सरकारी बलों के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। गुरुवार से जारी झड़पों में दोनों पक्षों के कम से कम 81 लड़ाकों की मौत हुई है। सैन्य अधिकारियों और चिकित्सा सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में सरकारी बलों के 39 जवान और हूती समूह के कम से कम 42 लड़ाके शामिल हैं।
रेड सी तट पर 24 सरकारी जवानों की मौत
रेड सी (लाल सागर) तट पर तैनात एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि वहां हुई झड़पों में सरकारी बलों के 24 जवान मारे गए। यह क्षेत्र संघर्ष की दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है और यहां दोनों पक्षों के बीच लगातार टकराव जारी है। वहीं, ताइज शहर में तैनात एक अन्य आर्मी अधिकारी के अनुसार, वहां 15 सरकारी जवानों की मौत हुई। इस तरह रेड सी तट और ताइज में सरकारी बलों के कुल 39 जवान मारे गए हैं।
हूती समूह को भी भारी नुकसान
हूती नियंत्रण वाले इलाकों से मिली चिकित्सा जानकारी के अनुसार, संघर्ष में कम से कम 42 हूती लड़ाके भी मारे गए हैं। हालांकि, अभी तक घायलों या नागरिकों के हताहत होने की संख्या सामने नहीं आई है। झड़पों की वजह और आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इसे लेकर भी फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।

