Honey Singh Cyber Police Case: रैपर व सिंगर हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। बीते दिन उन्हें कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में पूछताछ के लिए महाराष्ट्र साइबर पुलिस के सामने पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, हनी सिंह ने पेशी के लिए और समय मांगा है। वहीं, पुलिस अब कोर्ट से अरेस्ट वारंट लेने और उनके खिलाफ LOC जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
दिल्ली वाले वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दिल्ली के एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह गाड़ियों में शारीरिक संबंध बनाने को लेकर अश्लील संदर्भ देते नजर आए। इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई, जिसके बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हनी सिंह ने मांगा और समय
महाराष्ट्र नोडल साइबर पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, हनी सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए और उन्होंने कुछ और समय मांगा है। अधिकारी ने बताया कि अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के वारंट के लिए संबंधित अदालत का रुख करेगी। साथ ही, हनी सिंह के देश छोड़ने पर रोक सुनिश्चित करने के लिए उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Yo Yo हनी सिंह का पुणे कॉन्सर्ट स्थगित, रैपर ने नई तारीख का किया ऐलान

