Yoshinori Tashiro Taj Mahal Visit: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल में जापान के पूर्व पेशेवर सूमो पहलवान और अभिनेता योशिनोरी ताशिरो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। करीब 180 किलोग्राम वजन और 188 सेंटीमीटर लंबाई वाले ताशिरो को देखकर लोग उत्साहित हो गए। उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए पर्यटकों की भीड़ जुट गई। ताशिरो हॉलीवुड फिल्म ‘जॉन विक: चैप्टर 4’ और चीनी फिल्म ‘डिटेक्टिव चाइनाटाउन 3’ में काम कर चुके हैं।
जापानी टीवी शो की शूटिंग के लिए पहुंचे थे आगरा
योशिनोरी ताशिरो का आगरा दौरा सिर्फ ताजमहल घूमने तक सीमित नहीं था। उनका यहां आना एक जापानी टीवी शो की शूटिंग से भी जुड़ा था। शो का नाम ‘Operation: Drain All the Water from the Pond’ बताया गया है। इसकी एशिया एडिशन की शूटिंग के सिलसिले में टीम भारत आई है। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षक सहायक कलंदर से फोन पर हुई बातचीत के मुताबिक, ताशिरो शूटिंग के लिए ताजमहल पहुंचे थे। इसके लिए अनुमति दी गई थी। शूटिंग पूरी होने के बाद वह परिसर से चले गए।
‘जॉन विक 4’ और ‘डिटेक्टिव चाइनाटाउन 3’ में कर चुके हैं काम
योशिनोरी ताशिरो ने पेशेवर सूमो पहलवान के तौर पर पहचान बनाने के बाद मनोरंजन की दुनिया में भी कदम रखा। उन्होंने फिल्मों, विज्ञापनों और टेलीविजन कार्यक्रमों में काम किया है। उनके फिल्मी सफर में हॉलीवुड की एक्शन फिल्म ‘John Wick: Chapter 4’ और चीनी फिल्म ‘Detective Chinatown 3’ शामिल हैं। वह भारत में बनी फिल्म ‘SUMO’ से भी जुड़े रहे हैं। उनकी खास शारीरिक बनावट और सूमो पहलवान के रूप में पहचान ने अभिनय की दुनिया में उन्हें अलग पहचान दिलाई। यही वजह रही कि ताजमहल परिसर में उन्हें देखकर पर्यटक उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आए।
जनवरी 1999 में शुरू किया था पेशेवर सूमो करियर
योशिनोरी ताशिरो का जन्म 13 जुलाई 1976 को जापान के टोक्यो महानगर क्षेत्र के हाचिओजी में हुआ था। उन्होंने जापान के पारंपरिक सूमो कुश्ती खेल में पेशेवर पहलवान के रूप में करियर बनाया। सूमो मुकाबलों में वह ‘तोऊयामा कात्सुनोरी’ नाम से उतरते थे। जापान सूमो एसोसिएशन के रिकॉर्ड के मुताबिक, ताशिरो ने जनवरी 1999 में पेशेवर सूमो कुश्ती में कदम रखा था। वह तमनोई सूमो स्टेबल से जुड़े रहे। अपने शुरुआती पेशेवर दौर में उन्होंने जोनोकुची डिवीजन का खिताब जीता था। पेशेवर सूमो में उनका सर्वोच्च स्थान मकुशिता-7 दर्ज है।
सितंबर 2007 में लिया था संन्यास
ताशिरो ने सितंबर 2007 में पेशेवर सूमो कुश्ती से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपना करियर आगे बढ़ाया। विज्ञापनों, टीवी कार्यक्रमों और फिल्मों में काम करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई। करीब 180 किलोग्राम वजन और 188 सेंटीमीटर लंबाई के कारण उनकी कद-काठी हमेशा चर्चा का विषय रही है। ताजमहल जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर उनकी मौजूदगी ने पर्यटकों के लिए एक अलग आकर्षण पैदा किया। शूटिंग पूरी होने के बाद उनके लौटने तक लोग उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।
ये भी पढ़ें: ‘भाजपाई हारेंगे भी और भागेंगे भी’, अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला

