Wednesday, Oct 21

होम = News Latest = भारतीय टीम पहुंची न्यूजीलैंड, 22 अक्टूबर से T20I सीरीज का आगाज; तीनों मैचों की सभी टिकटें बिकी

भारतीय टीम पहुंची न्यूजीलैंड, 22 अक्टूबर से T20I सीरीज का आगाज; तीनों मैचों की सभी टिकटें बिकी

India vs New Zealand T20I Series: टीम इंडिया न्यूजीलैंड के दौरे पर पहुंच चुकी है और अब फैंस को मैदान पर खिलाड़ियों के उतरने का इंतजार है। क्राइस्टचर्च एयरपोर्ट से भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वैभव सूर्यवंशी समेत टीम के अन्य सदस्य इन तस्वीरों में नजर आए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी, जिस पर क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी हैं।

टीम इंडिया के दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज

टीम इंडिया के न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले ही फैंस के बीच सीरीज का उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, भारत के पूरे दौरे के लिए अब तक 1.10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इनमें से 63 हजार टिकट अकेले पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए खरीदे गए हैं। इससे साफ है कि भारतीय टीम के मुकाबलों को लेकर न्यूजीलैंड में दर्शकों के बीच जबरदस्त दिलचस्पी है।

तीन T20I मैचों के टिकट पूरी तरह बिके

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होने वाले दोनों T20I और हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले जाने वाले मुकाबले के टिकट बिक चुके हैं। वहीं, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे T20I में भी भारी दर्शक जुटने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड क्रिकेट को भरोसा है कि यह मुकाबला मैदान पर द्विपक्षीय मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों का 36,523 का रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

भारत के दौरे को लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट उत्साहित

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग और कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने भारत के दौरे को मिल रहे समर्थन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सीरीज शुरू होने से पहले ही पांच में से चार T20 मुकाबलों का हाउसफुल होने के करीब पहुंचना शानदार है। क्रिचली के मुताबिक, T20 वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलना न्यूजीलैंड के गर्मियों के सीजन की बेहतरीन शुरुआत होगी।

ये भी पढ़ें: क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने दुबई में खरीदी आलीशान प्रॉपर्टी, जानिए इसका शाहरुख खान से क्या है कनेक्शन