Afghanistan Gold Mine Collapse: अफगानिस्तान के तखार प्रांत में सोने की खदान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। चाह अब जिले के शाह मस्तान इलाके में हुई इस घटना में पांच खनिकों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी तखार पुलिस कमान के प्रवक्ता कारी नकीबुल्लाह मसूर ने दी। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले इसी जिले की एक दूसरी सोने की खदान में फंसे 10 खनिकों को दो दिन बाद सुरक्षित बचाया गया था।
सोने की खदान ढहने से 5 खनिकों की मौत
अफगानिस्तान के उत्तरी तखार प्रांत में सोने की एक खदान अचानक ढह गई। इस हादसे में मलबे में दबने से पांच खनिकों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना चाह अब जिले के शाह मस्तान इलाके में हुई। तखार पुलिस कमान के प्रवक्ता कारी नकीबुल्लाह मसूर ने हादसे की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने घटना की वजह और खदान में मौजूद अन्य लोगों से जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव को लेकर जानकारी का इंतजार है।
सरी खदान में फंसे 10 खनिक भी बचाए गए
प्रवक्ता ने बताया कि इसी सप्ताह की शुरुआत में तखार के समती इलाके में एक दूसरी सोने की खदान में 10 खनिक फंस गए थे। सभी खनिक करीब दो दिनों तक खदान के अंदर फंसे रहे, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, वे किन परिस्थितियों में खदान के अंदर फंसे थे, इसकी जानकारी तत्काल सामने नहीं आ सकी। लगातार सामने आ रही खदान दुर्घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
खनिज संपदा से समृद्ध है अफगानिस्तान
अफगानिस्तान प्राकृतिक संसाधनों और कच्चे खनिजों से समृद्ध देशों में शामिल है। यहां लौह अयस्क, तांबा, सीसा, जस्ता, सोना, कोयला और कई तरह के कीमती पत्थर पाए जाते हैं। हालांकि, खनन के दौरान सुरक्षा मानकों की कमी और अन्य वजहों से देश में खदानों के ढहने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। सोने और अन्य खनिजों की खदानों में होने वाले हादसे कई बार मजदूरों की जान पर भारी पड़ते हैं।
ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान पर PAK की एयरस्ट्राइक से रूस नाराज, तालिबान बोला- माकूल जवाब देंगे

